✖

पोछे के पानी में क्या मिलाने से फर्श पर चींटी नहीं आती हैं? मक्खी और कीड़े भी नहीं आएंगे नजर

पोछे के पानी में क्या मिलाने से फर्श पर चींटी नहीं आती हैं? मक्खी और कीड़े भी नहीं आएंगे नजर

बारिश के मौसम में घर में नमी बढ़ जाती है. ऐसे में फर्श गीला रहने, फर्श पर खाने-पीने की चीजों के छोटे-छोटे टुकड़े पड़े रहने और गंदगी से चींटी, मक्खी और दूसरे छोटे कीड़े घर में आने लगते हैं. अगर आपको भी अपने घर में अचानक से ज्यादा चींटी नजर आने लगी हैं या फर्श पर मक्खी और छोटे-छोटे कीड़े दिखते हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. बता दें कि एक आसान सा हैक अपनाकर आप इस परेशानी से छुटकारा पा सकते हैं. साफ-सफाई के लिए पोछा हर घर में रोज ही लगाया जाता है. ऐसे में अगर आप चाहें तो पोछे के पानी में कुछ घरेलू चीजें मिलाकर फर्श साफ कर सकते हैं. इन चीजों की खुशबू से फर्श पर चींटी, मक्खी, कॉकरोच और छोटे-छोटे कीड़े नहीं आते हैं. आइए जानते हैं इनके बारे में-

नंबर 1- सफेद सिरका और पानी से लगाएं पोछा

एक बाल्टी पानी में थोड़ा सफेद सिरका डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब, आप इस पानी से अपने घर में पोछा लगा सकते हैं. व्हाइट विनेगर की तेज खुशबू चींटियों और कीड़ों को दूर रखती है. साथ ही यह फर्श पर मौजूद गंदगी और चिकनाई को साफ करने में मदद करता है.

नंबर 2- नींबू का रस

अगर घर में सफेद सिरका नहीं है, तो आप पानी में नींबू का रस मिलाकर इससे घर में पोछा लगा सकते हैं. नींबू फर्श पर लगे हल्के दाग और गंदगी को हटाने में मदद करता है. साथ ही इसकी खुशबू घर को ताजा रखती है. नींबू की खट्टी खुशबू कुछ कीड़ों को पसंद नहीं आती, इससे वे भी फर्श पर नजर नहीं आएंगे.

नंबर 3- नीम के पत्तों का पानी

नीम की कुछ पत्तियों को पानी में अच्छी तरह उबाल लें. पानी ठंडा होने के बाद इसे छान लें और पोछे के पानी में मिला लें. नीम की खुशबू भी फर्श को साफ रखने के साथ-साथ चींटियों और कीड़ों को दूर रखने में मदद कर सकती है.

नंबर 4- नमक वाला पानी भी कर सकते हैं इस्तेमाल

एक बाल्टी गुनगुने पानी में थोड़ा सा साधारण नमक डालकर पोछा लगाया जा सकता है. नमक डालने से भी फर्श पर चींटी नहीं आती हैं. ऐसे में चींटियों को भगाने के लिए ये भी एक आसान और असरदार तरीका हो सकता है.

नंबर 5- बेकिंग सोडा और हल्का साबुन

इन सब से अलग अगर फर्श चिपचिपा है तो गुनगुने पानी में थोड़ा बेकिंग सोडा और हल्का लिक्विड साबुन मिलाकर सफाई करें. यह गंदगी, बदबू और फर्श पर बचे खाने के छोटे हिस्सों को हटाने में मदद करता है. इससे भी फर्श पर चींटी और कीड़े नहीं आते हैं.

ऐसे में आप भी इन आसान नुस्खों को आजमाकर देख सकते हैं.

Leave a Reply