✖

फूलों से लद जाएगा आपका गुलाब का पौधा, गार्डनिंग एक्सपर्ट ने बताया गुलाब के पौधे पर फूल नहीं आ रहे तो क्या करें

फूलों से लद जाएगा आपका गुलाब का पौधा, गार्डनिंग एक्सपर्ट ने बताया गुलाब के पौधे पर फूल नहीं आ रहे तो क्या करें

घर में पेड़-पौधे लगाना लगभग हर किसी को पसंद होता है. खासकर गार्डनिंग का शौक रखने वाले लोग अपने घर में गुलाब का पौधा जरूर लगाते हैं. ये न केवल घर की खूबसूरती को बढ़ाने का काम करता है, बल्कि गुलाब की भीनी-भीनी खुशबू से पूरा घर महका रहता है. लेकिन कई लोगों की शिकायत होती है कि उनके पौधे पर ज्यादा गुलाब नहीं आते हैं या पौधा लगाने पर ये जल्दी मुरझा जाता है. अगर आपके साथ भी ऐसा हो रहा है, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. फेमस गार्डनिंग एक्सपर्ट तरुण चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने गुलाब के पौधे की देखभाल करने और गुलाब पर फूल बढ़ाने का तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में-

गुलाब के पौधे की मिट्टी में क्या-क्या डालना चाहिए?

तरुण चोपड़ा कहते हैं, गुलाब की मिट्टी ऐसी होनी चाहिए जिसमें पोषक तत्व हों और पानी आसानी से निकल सके. मिट्टी तैयार करने के लिए 40 प्रतिशत गार्डन की मिट्टी में 20 प्रतिशत मोटे दाने वाली रिवर सैंड, 20 प्रतिशत वर्मी कंपोस्ट, 10 प्रतिशत नीम की खाद, 5 प्रतिशत सरसों की खली और 5 प्रतिशत एप्सम साल्ट डालकर अच्छी तरह मिला लें. इसे करीब 10 इंच के गमले में लगाएं और नीचे ड्रेनेज होल जरूर रखें. मिट्टी भरते समय आप गमले में आधा चम्मच एंटीफंगल पाउडर भी डाल सकते हैं, इससे पौधे पर फंगस नहीं लगता है.

यह भी देखें-

नर्सरी से लाए पौधे को तुरंत न लगाएं

गार्डनिंग एक्सपर्ट कहते हैं, अगर आप नर्सरी से गुलाब का पौधा लाए हैं, तो उसे तुरंत नए गमले में नहीं लगाएं. इसके बजाय करीब 8 से 10 दिन पौधे को ऐसे ही अपने पास रखें. इसके बाद तैयार मिट्टी में उसे रिपॉट करें. पौधे को गमले से निकालते समय उसकी जड़ों से लगी पूरी पुरानी मिट्टी न हटाएं. जड़ों के आसपास थोड़ी पुरानी मिट्टी रहने दें. इसके बाद पौधे को नए गमले के बीच में रखें और चारों तरफ तैयार मिट्टी भर दें.

लगाने के बाद पौधे को कहां रखें?

रिपॉटिंग के बाद करीब 8 से 10 दिन तक पौधे को हल्की छाया वाली जगह पर रखें. पानी देने के बाद भी उसे तेज धूप से बचाएं. कुछ दिनों बाद पौधे को सुबह की धूप या शाम करीब 4 बजे के बाद की धूप में लगभग दो घंटे रखा जा सकता है. अगर सुबह की धूप में रखें तो तेज धूप आने से पहले पौधे को हटा दें.

गुलाब के पौधे को कितना पानी देना चाहिए?

एक्सपर्ट बताते हैं, गुलाब को जरूरत से ज्यादा पानी नहीं देना चाहिए. आमतौर पर इस पौधे को दो से तीन दिन बाद पानी की जरूरत पड़ती है. पानी देने से पहले उंगली से मिट्टी की नमी जांच लें. अगर मिट्टी गीली है तो पानी न दें.

गुलाब के पौधे में ज्यादा फूल लाने के लिए क्या करें?

अगर ग्राफ्टेड गुलाब में फूल नहीं आ रहे और पत्तियां या टहनियां ज्यादा बढ़ रही हैं, तो पौधे के नीचे से निकलने वाली देसी गुलाब की टहनियों को समय-समय पर जड़ों के पास से हटा दें. ये टहनियां ग्राफ्ट किए गए गुलाब की ग्रोथ और फ्लावरिंग को प्रभावित कर सकती हैं. फूल खिलने के बाद सूखे फूल भी काट दें. इससे पौधे की ऊर्जा नई ग्रोथ और नए फूलों को लाने में लगती है.

इस तरह सही मिट्टी तैयार करके, पौधे को सही तरीके से लगाकर और पानी, धूप, कटिंग का ध्यान रखकर आप अपने गुलाब के पौधे का ध्यान रख सकते हैं और इसे फूलों से भर सकते हैं.

यह भी पढ़ें- प्याज का छिलका, चावल का पानी, छाछ का पानी…किचन की इन 5 चीजों को कूड़ा समझकर फेंके नहीं, ऐसे करें इस्तेमाल

Leave a Reply