बाढ़ में डूबाˈ 12 करोड़ का सोना-चांदी, दुकानदार की जिंदगी तबाह; लोग कीचड़ में ढूंढ रहे खजानाˌ

China Flood

प्राकृतिक आपदाएं न सिर्फ प्रकृति को नुकसान पहुंचाती हैं, बल्कि कई बार लोगों की जिंदगी को पलभर में उजाड़ देती हैं। हर साल की तरह इस बार भी बाढ़ ने देश-दुनिया में भारी तबाही मचाई है। लोगों के घर, दुकानें और सार्वजनिक स्थान पानी की चपेट में आ गए। ऐसी ही एक दिल दहला देने वाली घटना चीन में हुई, जहां अचानक आई बाढ़ ने एक ज्वेलरी दुकान को तहस-नहस कर दिया और करीब 20 किलो सोना-चांदी बहाकर ले गई।

अचानक आई बाढ़ ने मचाई तबाही

चीन के शांक्सी प्रांत के वूची काउंटी में सुबह-सुबह बाढ़ ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। कोई भी इस आपदा के लिए तैयार नहीं था। सबसे ज्यादा नुकसान हुआ स्थानीय ज्वेलरी शॉप Laofengxiang को, जहां पानी ने दुकान में घुसकर करोड़ों की कीमती ज्वेलरी को बहा ले गया। दुकान के मालिक ‘ये’ ने बताया कि बाढ़ की चेतावनी के बाद कर्मचारियों ने रात दुकान में ही बिताई थी, लेकिन गहनों को तिजोरी में रखने का वक्त नहीं मिला।

पानी ने कुछ ही मिनटों में दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते पानी 1 मीटर से ज्यादा ऊंचा हो गया और डिस्प्ले पर रखे गहने, ट्रे, डिब्बे और यहां तक कि मुख्य तिजोरी भी बह गई। तिजोरी में नया स्टॉक, पुराना सोना और भारी मात्रा में नकदी थी, जिसका कुल मूल्य 12 करोड़ रुपये से भी ज्यादा था।

सिर्फ 1 किलो गहनों की रिकवरी

The Standard की रिपोर्ट के अनुसार, दुकान का मालिक, उसका परिवार और स्टाफ दो दिन से लगातार मलबे में गहनों की तलाश कर रहे हैं। लेकिन अब तक सिर्फ 1 किलो गहने ही मिल पाए हैं। बाढ़ के दौरान बिजली चली गई थी, जिससे सीसीटीवी सिस्टम भी बंद हो गया। इस वजह से यह पता नहीं चल सका कि गहने कहां गए या किसी ने मौके का फायदा उठाकर उन्हें चुरा लिया। स्थानीय पुलिस की अपील के बाद कुछ लोगों ने अपने पास मिले गहने लौटाए हैं, लेकिन ज्यादातर का अब तक कोई सुराग नहीं है।

कीचड़ में खजाने की खोज

जैसे ही यह खबर इलाके में फैली, दर्जनों लोग मलबे और कीचड़ में गहनों की तलाश में जुट गए। कुछ ने तो मेटल डिटेक्टर तक का इस्तेमाल शुरू कर दिया। दुकान के मालिक का कहना है कि कई लोगों ने दूसरों को गहने उठाते देखा, लेकिन कोई भी इन्हें लौटाने को तैयार नहीं है। स्थानीय प्रशासन, मार्केट सुपरविजन ब्यूरो और पब्लिक सिक्योरिटी ब्यूरो इस मामले की जांच कर रहे हैं। दुकानदार और उसका परिवार अब भी उम्मीद लगाए बैठा है कि शायद कुछ और गहने मिल जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *